हिंदी करेंट अफेयर्स प्रश्नोत्तरी : 28 जनवरी, 2020

हिंदी करेंट अफेयर्स प्रश्नोत्तरी : 28 जनवरी, 2020🌹

   
1 .हाल ही में किस महान भारतीय खिलाड़ी को पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया?
उत्तर – एम.सी. मैरीकोम
6 बार की मुक्केबाजी विश्व चैंपियन एम.सी. मैरीकोम को ‘पद्मविभूषण’ से सम्मानित करने का फैसला लिया गया है। वे इस पुरस्कार को जीतने वाली पहली महिला खिलाड़ी हैं। वे विश्व की एक मात्र मुक्केबाज़ हैं जिन्होंने वर्ल्ड चैंपियनशिप में कुल आठ पदक जीतें हैं। इस बार कुल सात लोगों को पद्म विभूषण पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। पद्म विभूषण भारत को दूसरा सर्वोच्च सम्मान है। पद्म विभूषण पुरस्कार के विजेताओं की सूची इस प्रकार है : अरुण जेटली, सुषमा स्वराज, जॉर्ज फ़र्नान्डिस, छन्नूलाल मिश्र, अनिरुद्ध जगन्नाथ,
श्री विश्वेसशतीर्थ स्वा मीजी श्री पजवरा अधोखज मठ उडुपी।
2. हाल ही में राष्ट्रीय पर्यटन सम्मेलन 2020 का आयोजन किस शहर में किया गया?
उत्तर – कोणार्क
ओडिशा के कोणार्क में हाल ही में राष्ट्रीय पर्यटन सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस दो दिवसीय सम्मेलन का आयोजन ओडिशा सरकार तथा फिक्की (Federation of Indian Chambers of Commerce and Industry) द्वारा किया गया। केन्द्रीय पर्यटन मंत्री प्रह्लाद सिंह पटेल इस सम्मेलन में शामिल हुए, इस दौरान उन्होंने घोषणा की कि जो पर्यटक एक वर्ष में देश के 15 स्थानों की यात्रा करते हैं उनकी यात्रा का व्यय केन्द्रीय पर्यटन मंत्रालय द्वारा वहन किया जाएगा। इस प्रकार के पर्यटकों को अपने गृह राज्य के अलावा अन्य राज्यों में यात्रा करनी होगी तथा पर्यटन मंत्रालय की वेबसाइट पर फोटो सबमिट करने होंगे।
3. भारत पर्व 2020 का आयोजन किस शहर में किया जा रहा है?
उत्तर – नई दिल्ली
भारत पर्व का आयोजन गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान किया जाता है, इसका आयोजन दिल्ली के लाल किले में किया जा रहा है। इसका उद्देश्य लोगों में देशभक्ति की भावना को जागृत करना तथा देश की समृद्ध सांस्कृतिक विविधता को बढ़ावा देना है। इस वर्ष भारत पर्व 2020 का आयोजन 26 जनवरी से 31 जनवरी के बीच किया जाएगा। भारत पर्व में प्रवेश बिल्कुल मुफ्त है, प्रवेश के लिए पहचान पत्र दिखाना अनिवार्य है।
4. ‘शिव भोजन योजना’ को हाल ही में किस राज्य ने लांच किया?
उत्तर – महाराष्ट्र
71वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर महाराष्ट्र सरकार ने शिव भोजन थाली योजना लांच की है, इस योजना के तहत निर्धन लोगों को 10 रुपये में खाना उपलब्ध करवाया जायेगा। गणतंत्र दिवस के अवसर पर राज्य के सभी जिला मुख्यालयों में कम से कम एक शिव भोजन कैंटीन शुरू की गयी है। इस योजना के द्वारा निर्धन लोगों को कम कीमत पर गुणवत्तापूर्ण खाना मिलेगा। राज्य सरकार के अनुमान के मुताबिक इस योजना की लागत 6.4 करोड़ रुपये आएगी, शुरू में इस योजना को पायलट बेसिस पर तीन महीने के लिए चलाया जाएगा।
5. हाल ही में कोबी ब्रायंट का निधन हुआ, वे किस क्षेत्र से जुड़े हुए थे?
उत्तर – बास्केटबॉल
अमेरिका के महान बास्केटबॉल खिलाड़ी कोबी ब्रायंट का निधन हो गया है। 41 वर्षीय कोबी ब्रायंट का निधन अमेरिका में एक हेलिकॉप्टर दुर्घटना में हुआ, इस दुर्घटना में कोबी ब्रायंट के साथ उनकी 13 वर्षीय पुत्री जियाना ब्रायंट का भी निधन हुआ। वे अमेरिका की मशहूर बास्केटबॉल प्रतियोगिता NBA की टीम लोस अंजेलेस लेकर्स से जुड़े हुए थे। वे 1996 से लेकर 2016 तक लोस अंजेलेस लेकर्स के साथ ही रहे। उन्होंने अपने करियर में कुल 33,643 पॉइंट्स स्कोर किये। वे 2008 बीजिंग ओलिंपिक तथा 2012 में लन्दन ओलिंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाली अमेरिकी बास्केटबॉल टीम का हिस्सा थे

Comments

Popular Posts